कृषि यंत्रों एवं कस्टम हायरिंग सेंटर के लाभार्थियों का चयन 03 नवंबर को ई-लॉटरी के माध्यम से होगा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l वित्तीय वर्ष 2026-27 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यूज योजनान्तर्गत कृषि यंत्रों, कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक एवं किसान ड्रोन पर अनुदान प्रदान किए जाने हेतु विभागीय पोर्टल के माध्यम से दिनांक 02 एवं 03 नवंबर, 2026 तक किसानों द्वारा ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है।
उक्त योजनाओं के अंतर्गत अनुदान के लिए आवेदन करने वाले किसानों का चयन विभागीय पोर्टल पर ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। यह चयन दिनांक 03 नवंबर, 2026 को अपराह्न 12:00 बजे कल्पवृक्ष सभागार, कुछेछा, हमीरपुर में जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक, हमीरपुर डॉ प्रमोद कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के समस्त सदस्यों से निर्धारित तिथि एवं समय पर कार्यक्रम में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरांत ई-लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा, जिससे किसानों को कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।