राठ से महोबा जा रही कार में लगी भीषण आग, चालक और सवारियों ने कूदकर बचाई जान
:-शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ हमीरपुर - राठ-महोबा मार्ग पर कस्बा खेड़ा गांव के पास मंगलवार रात चलती ईऑन कार में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं उठते ही चालक ने कार रोक दी। खतरा भांपकर चालक और उसमें सवार सभी लोग बाहर कूद गए और सुरक्षित दूरी पर चले गए। देखते ही देखते आग ने पूरी ईऑन कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार चालक हफीज मोहम्मद पुत्र छिद्दी निवासी नाउपुरा, महोबा अपने परिवार के साथ राठ से महोबा जा रहे थे। कस्बा खेड़ा के पास पहुंचते ही कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। इसके बाद आग भड़क उठी। सूचना पर राठ पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने सभी लोगों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया।