कूड़े के ढेर में लगी आग की चपेट में आकर कपड़े की दुकान जलकर राख, लाखों का नुकसान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l मौदहा कस्बे के गुढ़ाई बाजार में गुरुवार सुबह कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से हजारों रुपये के कपड़े जलकर राख हो गए। दुकान में आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। दुकानदार ने सफाई कर्मचारियों पर कूड़े के ढेर में आग लगाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, गढ़ाई बाजार निवासी आजाद टेलर पुत्र स्वतंत्र कुशवाहा की कपड़े की दुकान में गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुकान के पास लगे कूड़े के ढेर में आग लगी थी, जिसकी लपटें दुकान तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर मौदहा कोतवाली पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में दुकान में रखे कपड़े जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
|