ग्राम समाज की जमीन पर चला बुलडोजर, जेसीबी से ढहाया गया अवैध निर्माण
-कई नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया था कब्जा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l सुमेरपुर विकासखंड क्षेत्र के बिदोखर मेदनी गांव में ग्राम समाज की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी चलवाई। बारातशाला के पास ग्राम समाज की जमीन पर बनाए गए मकान को जेसीबी की मदद से हटवाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से गांव में अतिक्रमणकारियों में हलचल मची रही।जानकारी के अनुसार, बिदोखर मेदनी गांव में बारातशाला के समीप ग्राम समाज की भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा मकान का निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया गया था। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग की ओर से संबंधित व्यक्ति को कई बार नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
लगातार नोटिस के बाद भी कब्जा बरकरार रहने पर राजस्व विभाग ने सख्त रुख अपनाया। बुधवार को लेखपाल और राजस्व निरीक्षक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन लगवाकर ग्राम समाज की जमीन पर किए गए निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर कार्रवाई कर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।राजस्व विभाग की इस कार्रवाई के बाद ग्राम समाज की भूमि पर सरकारी नियंत्रण बहाल करने की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।