निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बांटे 100 हेलमेट,डीएम-एसपी ने किया जागरूक,बोले-हेलमेट पहनकर ही चलाएं वाहन
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की जान बचाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार मौजूद रहे।एसपी विनोद कुमार के निर्देश और क्षेत्राधिकारी यातायात शिल्पा वर्मा के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 100 निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।इनमें से 50 हेलमेट सेवानिवृत्त सीओ उमाशंकर यादव, उनके सहयोगी बिलाल सिद्दीकी तथा आईसीआईसीआई लोम्बार्ड इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर मुकेश दुबे ने यातायात पुलिस को दान किए। वहीं 50 हेलमेट स्थानीय संस्थाओं की ओर से उपलब्ध कराए गए।क्षेत्राधिकारी यातायात शिल्पा वर्मा ने सूची तैयार कराकर ऐसे दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कराए,जो आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण हेलमेट खरीदने में असमर्थ थे।इस दौरान एसपी विनोद कुमार ने कहा कि हेलमेट नहीं पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मौत के आंकड़े बेहद चिंताजनक हैं।उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन न चलाएं।हेलमेट पहनने से दुर्घटना के दौरान जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है।उन्होंने बताया कि हेलमेट से सिर की गंभीर चोटों और मौत के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।डीएम ने निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और हेलमेट वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पूरे जनपद में यातायात नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाए,जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।कार्यक्रम में टीएसआई आफाक खान ने हेलमेट प्राप्त करने वाले वाहन चालकों और स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी।उन्होंने अपने शायराना अंदाज में हेलमेट की स्ट्रिप (बेल्ट) बांधने का महत्व समझाते हुए बताया कि बेल्ट नहीं बांधने से दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर से निकल सकता है,जिससे जान का खतरा बढ़ जाता है।इस मौके पर प्रभारी यातायात रविशंकर त्रिपाठी,एआरएम दिनेश यादव,पीएसआई रामप्रताप सिंह और टीएसआई अरशद अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।