दिल्ली पब्लिक स्कूल बर्रा में हुई तीरों की बौछार
-- 30 विद्यालयों के 256 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, डीपीएस किदवई नगर बना ओवरऑल चैंपियन*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर, दिल्ली पब्लिक स्कूल, बर्रा में भव्य अंतर्विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 30 विद्यालयों के लगभग 256 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी निशानेबाजी, एकाग्रता एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल किदवई नगर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक आलोक मिश्रा एवं कानपुर तीरंदाजी संघ के महासचिव राजा भरत अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती जयंती मित्रा एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा और खेल दोनों का समान महत्व है। शिक्षा जहां ज्ञान एवं संस्कार प्रदान करती है, वहीं खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, एकाग्रता तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय सहभागिता करनी चाहिए।
प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल आजाद नगर, दिल्ली पब्लिक स्कूल किदवई नगर, दिल्ली पब्लिक स्कूल बर्रा, दिल्ली पब्लिक स्कूल सर्वोदय नगर, दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन, जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, मंटोरा पब्लिक स्कूल, गौरव इंटरनेशनल स्कूल, एम.एस. इंटरनेशनल स्कूल, प्रताप इंटरनेशनल स्कूल, विजडम वुड स्कूल, प्रयाग अकादमी, एलन हाउस रूमा, एलन हाउस पनकी, स्वराज इंडिया, साउथ सिटी पब्लिक स्कूल, सुपर इंटरनेशनल स्कूल सहित 30 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। जिला तीरंदाज़ी संघ के प्रतियोगिता आयोजक वैभव गौड़ व विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती जयंती मित्रा ने सभी अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।