ढाई साल की मासूम से दुर्व्यवहार का आरोप, चचिया ससुर नामजद
-तबीयत बिगड़ने पर पहले राठ, फिर मुस्करा से कानपुर रेफर हुई बच्ची; मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ, हमीरपुर l कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची की मां ने अपने चचिया ससुर दीनदयाल पुत्र रामगोपाल पर गलत हरकत करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मां के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह खेत पर गई थी। पति कंपनी में काम करते हैं और घर से बाहर रहते हैं। आरोप है कि इसी दौरान घर पर अकेली बच्ची के साथ चचिया ससुर ने गलत हरकत करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद बच्ची रोती हुई मिली और उसकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से बच्ची को राठ सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मुस्करा सीएचसी रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर परीक्षण और उपचार के लिए कानपुर भेज दिया। सीओ राजीव प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। सीओ ने बताया कि मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। चिकित्सकीय परीक्षण और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।