महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने की जनसुनवाई, 15 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनीता गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में महिला जनसुनवाई एवं महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची पीड़ित महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग की सदस्य के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 15 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए शिविरों का भी निरीक्षण किया गया। शिविरों के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के छह तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पांच आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इस प्रकार महिला कल्याणकारी योजनाओं के कुल 11 आवेदन प्राप्त किए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी इंद्रपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।