एंटीबायोटिक का अधूरा कोर्स बढ़ा रहा प्रतिरोध का खतरा
- थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन : प्रिवेंट एएमआर नाउ’ के तहत जागरूकता सप्ताह, पोस्टर प क्विज प्रतियोगिता और रंगोली से दिया संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक सेवन और चिकित्सक की सलाह के बिना बीच में दवा छोड़ना जीवाणुओं में प्रतिरोध (एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस-एएमआर) बढ़ा रहा है। इससे सामान्य संक्रमण का उपचार भी कठिन हो सकता है। इस खतरे के प्रति जागरूकता के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में 18 से 24 नवंबर तक रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन : प्रिवेंट एएमआर नाउ’ रखी गई है।शुक्रवार को एलटी-2 में सहायक आचार्य डॉ. हिमांशी प्रकाश ने एमबीबीएस पैरा टी-2 के विद्यार्थियों को रोगाणुरोधी प्रतिरोध के कारण, प्रकार और बचाव के उपायों की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेकर एंटीबायोटिक के सही उपयोग का संदेश दिया। पोस्टरों के माध्यम से बताया गया कि एंटीबायोटिक दवाएं जीवाणु संक्रमण में प्रभावी होती हैं, जबकि वायरल संक्रमण में इनका उपयोग नहीं करना चाहिए। चिकित्सक की सलाह से शुरू की गई दवाओं का निर्धारित पूरा क्रम लेना जरूरी है। क्विज़ प्रतियोगिता डॉ दीप्ति मिश्रा व डॉ सना आफरीन के निर्देशन में पैरा टी2 के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। शनिवार को विभाग की ओर से जागरूकता रैली, रंगोली प्रतियोगिता आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने रंगोली और पोस्टर माध्यम से आमजन को एंटीबायोटिक के अनुचित उपयोग और दवा का पूरा क्रम न लेने से होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला, उपप्रधानाचार्य डॉ. ऋचा गिरि और प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. मधु यादव, सचिव डॉ. रजनी सिंह,प्रो. डॉ विकास मिश्रा, डॉ रुचि गुप्ता , डॉ, दीप्ति मिश्रा, डॉ,हिमांशी प्रकाश, डॉ. सना आफरीन, डॉ . मनोज ,सहित विभाग के चिकित्सकों का योगदान रहा।