डॉ. एसके गौतम प्रतिष्ठित RSSDI फेलोशिप से सम्मानित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। Research Society for the Study of Diabetes in India (RSSDI) के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन RSSDI 2026 का आयोजन 19 से 22 नवंबर 2026 तक अल्दोविया रिजॉर्ट, बेंगलुरु में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में देश-विदेश के लगभग 5,000 से अधिक चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के परास्नातक छात्र-छात्राओं ने भी वैज्ञानिक सत्रों एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।यह सम्मान डॉ. गौतम को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह, इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन (IDF) के अध्यक्ष प्रो. पीटर श्वार्ज तथा RSSDI के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुज माहेश्वरी द्वारा प्रदान किया गया। वर्ष 2026 में पूरे भारत से मात्र 15 चिकित्सकों को इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए चयनित किया गया, जिनमें उत्तर प्रदेश से डॉ. एस. के. गौतम एकमात्र चयनित चिकित्सक रहे। यह उपलब्धि प्रदेश एवं कानपुर के चिकित्सा जगत के लिए विशेष गौरव का विषय है। डॉ. गौतम इससे पूर्व फेलोशिप ऑफ इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस (FICP), फेलोशिप ऑफ अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस (FACP), फेलोशिप ऑफ उत्तर प्रदेश डायबिटिक एसोसिएशन (FUPDA) तथा फेलोशिप ऑफ इंडियन सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन (FInSH) से भी सम्मानित हो चुके हैं। RSSDI फेलोशिप उनकी दीर्घकालीन चिकित्सकीय सेवाओं, शैक्षणिक एवं शोध संबंधी योगदान तथा मधुमेह और मेटाबॉलिक रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी प्रबंधन के प्रति उनके निरंतर समर्पण की राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मान्यता है। डॉ. एस. के. गौतम की इस उपलब्धि पर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. संजय काला, उप-प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा गिरि, मेडिसिन विभाग के संकाय सदस्यों तथा महाविद्यालय के अन्य शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
|