राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के बूथ दिवस पर 1,78,522 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
*जून माह की तुलना में नवंबर अभियान में 429 अधिक बच्चों का टीकाकरण, 100.24 प्रतिशत कवरेज दर्ज*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद कानपुर नगर में बूथ दिवस का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ अपर निदेशक डॉ. रेनू पंत ने मान्यवर कांशीराम जिला चिकित्सालय में पोलियो बूथ का उद्घाटन कर किया। इस दौरान उन्होंने नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा अभिभावकों से अपने शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।
बूथ दिवस पर जनपद में कुल 1,78,522 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जून 2026 में आयोजित बूथ दिवस के दौरान 1,78,093 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई थी। इस प्रकार नवंबर अभियान में जून की तुलना में 429 अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान में 100.24 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य विभाग की टीमों के समन्वित प्रयासों और अभियान के प्रभावी संचालन को दर्शाता है।
अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में कुल 2,055 टीमों के माध्यम से टीकाकरण गतिविधियां संचालित की गईं। अपर निदेशक डॉ. रेनू पंत ने रामादेवी चौराहा स्थित ट्रांजिट बूथ, हरजिंदर नगर स्थित डीटीसी, कैंट क्षेत्र तथा हरजिंदर नगर के पोलियो बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण गतिविधियों, टीमों की कार्यप्रणाली और बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभियान के दौरान अस्पतालों एवं अन्य टीकाकरण केंद्रों पर नवजात शिशुओं सहित शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. रमित रस्तोगी (एसीएमओ), डॉ. एस.पी. यादव (डीआईओ), डॉ. कैलाश चंद्र (अर्बन नोडल अधिकारी), प्रखर सक्सेना (एडीआईओ), हुडा ज़हरा (प्रोग्राम ऑफिसर, जेएसआई), धनंजय श्रीवास्तव एवं शैलेन्द्र वाजपेयी (यूएनडीपी) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। सभी अभिभावक अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग करें।