हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर कंटेनर चालक की मौत मचा कोहराम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्रा-6 पाल टावर के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोयले से भरा कंटेनर खाली करने के लिए पाल टावर के पास स्थित आहद एंटरप्राइजेज के कोयला गोदाम पर आया था। गाड़ी खाली करते समय जब कंटेनर का गेट खोला गया, तो वह ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। गेट में करंट आ जाने से मौके पर ही युवक की मौत हो गई।आसपास के लोगों ने युवक को पड़ा देखा तो क्षेत्रीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले बिजली की लाइन बंद कराई। इसके बाद युवक की जांच-पड़ताल की गई। युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान मृतक कपिल (उम्र 32 वर्ष), निवासी संभल के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल के आधार पर परिवार वालों को सूचना दे दी है।वहीं, जिस गोदाम पर गाड़ी खाली करने आए थे, उसके मालिक को भी सूचना दी गई है, लेकिन 2 घंटे बीत जाने के बाद भी मालिक मौके पर नहीं पहुंचा है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद बॉडी को सील करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।फिलहाल, ऊपर से जा रही 11000 वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। मौके पर हाईटेंशन लाइन महज 11 से 12 फीट की ऊंचाई पर गई हुई है, जबकि कंटेनर की ऊंचाई 12 से 13 फीट है। जिस पोल पर लाइन गई है, वह भी पूरी तरह तिरछा हो चुका है और किसी भी समय गिर सकता है। इससे केस्को विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है।
|