हमीरपुर में आयोजित हुई ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, परखी गईं आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव की तैयारियां
-हवाई हमले की चेतावनी के बीच पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य एवं नागरिक सुरक्षा विभाग ने किया त्वरित समन्वय का प्रदर्शन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देशन में रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में संभावित हवाई हमले एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा जनपद की आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने के उद्देश्य से ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस पूर्वाभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान सायं 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी के प्रतीक स्वरूप दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैक आउट कर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। चेतावनी मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंबुलेंस और अन्य संसाधनों के साथ तत्काल सक्रिय होकर घटनास्थल पर पहुंचीं। ड्रिल के समापन पर खतरा टलने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक एक समान आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया गया।
पूर्वाभ्यास के दौरान राहत एवं बचाव दलों ने क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, आग पर काबू पाने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की कार्यवाही का प्रभावी प्रदर्शन किया। इसके साथ ही आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को आश्रय उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका द्वारा रैन बसेरे में अस्थायी राहत शिविर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा राकेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर यशपाल सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली तथा जिला आपदा विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय की सक्रिय भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा मित्रों एवं नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने आपसी समन्वय और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार ने मॉक ड्रिल के दौरान आम जनमानस द्वारा बनाए रखे गए धैर्य, शांति एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पूर्वाभ्यास से आपात परिस्थितियों में विभागीय तैयारियों को परखने, कमियों को चिह्नित करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलती है। उन्होंने नागरिकों से भी आपदा संबंधी दिशा-निर्देशों के प्रति जागरूक रहने एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।