नशा मुक्त युवा अभियान के तहत निकली जागरूकता पदयात्रा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि की राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न इकाइयों द्वारा शुक्रवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के विशेष गतिविधि कैलेंडर के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मुकेश कुमार के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का समन्वयन राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक डॉ. रश्मि सिंह द्वारा किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ नंदी चौराहे से जागरूकता पदयात्रा के साथ हुआ। लगभग 2 से 3 किलोमीटर की इस पदयात्रा में विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों के साथ आसपास के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से संबंधित पोस्टर एवं तख्तियों के माध्यम से जनसामान्य को जागरूक किया तथा नशे के विरुद्ध प्रेरक नारे लगाकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।पदयात्रा के उपरांत आयोजित जागरूकता सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों द्वारा साथियों के दबाव तथा नशे की लत के दुष्परिणामों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किस प्रकार मित्रों के दबाव, जिज्ञासा अथवा क्षणिक आकर्षण के कारण शुरू हुई नशे की आदत धीरे-धीरे व्यक्ति के स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंधों, शिक्षा, करियर एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित कर सकती है। प्रभावशाली संवादों एवं अभिनय के माध्यम से स्वयंसेवकों ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा जीवन में सकारात्मक विकल्प अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। प्रतिभागियों को आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध परामर्श सुविधाओं तथा राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी दी गई, ताकि नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्ति एवं उनके परिजन समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. राजीव कुमार (इकाई-1), डॉ. अरुण कुमार (इकाई-2), डॉ. संघमित्रा महापात्रा (इकाई-3), डॉ. उमानाथ शुक्ला (इकाई-7) एवं डॉ. नंद कुमार (इकाई-8) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना ने युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता की भावना को प्रोत्साहित करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
|