600 कन्याओं का पूजन, बालकों ने दिया नारी सम्मान का संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। बेटियों के सम्मान, महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश देने के उद्देश्य से वीरेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के दूसरे दिन कन्या वंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के करीब 30 विद्यालयों से 1500 बच्चों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 600 बालिकाओं का पूजन कर उनका सम्मान किया गया। समारोह की सबसे खास बात यह रही कि प्राथमिक विद्यालयों की छात्राओं का पूजन उन्हीं के विद्यालयों के छात्र बालकों ने किया। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं के प्रति सम्मान, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. संगीता सारस्वत ने कहा कि बेटियों का सम्मान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे परिवार और समाज की सोच का हिस्सा बनाना जरूरी है। महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना बचपन से विकसित होगी, तभी एक बेहतर और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव होगा।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. मंजुला राजस जोशी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं पर रोक लगाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। केवल कानून के भरोसे महिला सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती, बल्कि परिवार, विद्यालय और सामाजिक संस्थाओं को भी जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे आना होगा। इसी क्रम में मुख्य वक्ता डॉ. विष्णुशंकर (राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख भ्ैैथ्) ने कहा कि कन्या वंदन जैसे आयोजन समाज को अपनी सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर देते हैं। बेटियों को सम्मान देने के साथ उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। महिलाओं के प्रति होने वाले भेदभाव और अपराधों को रोकने के लिए पुरुषों और महिलाओं दोनों की सहभागिता आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनमें शिक्षा के साथ आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का विकास करना होगा। महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और सामाजिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
|