दो डंपरों की आमने सामने टक्कर में चालक हेल्पर घायल |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात नेशनल हाईवे-34 पर नवीन गल्ला मंडी के पास दो डंपरों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों डंपरों के चालक और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक डंपर आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ओवरलोड डंपर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। तेज रफ्तार के कारण टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद चालक स्टेयरिंग में फंस गए, जबकि हेल्पर भी केबिन के अंदर दबे रह गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को निकालने में मदद की। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में एक डंपर के 50 वर्षीय चालक मुख्तार, निवासी हमीरपुर, की पहचान हो चुकी है। अन्य चालक और हेल्परों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के सोशल मीडिया सेल के मुताबिक दोनों चालकों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डंपरों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।