वेलकम गर्ल ने पति को वीडियो कॉल पर किया सुसाइड
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। एक वेलकम गर्ल ने वीडियो कॉल पर सुसाइड कर लिया। उसका पति शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पत्नी ने जब पैसे देने से मना किया तो पति ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद घर से शराब पीने निकल गया। महिला ने थोड़ी देर बाद रोते हुए पति को वीडियो कॉल की। फिर उसके सामने ही फंदे से लटक गई।
पत्नी की जान बचाने के लिए पति दौड़ते हुए घर पहुंचा। लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव उतरवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। खबर मिलते ही महिला की सहेलियों ने वहां पहुंचकर आरोपी को जमकर पीटा। घटना बुधवार रात रावतपुर इलाके की है। रावतपुर के रामलला मोहल्ले के रहने वाले शुभम दिवाकर से मोना ने लव मैरिज की थी। शुभम दिहाड़ी पर मजदूरी करता है। वह शराब का आदी है। दोनों के दो बच्चे आयशा और रचित हैं। पति के शराबी होने की वजह से घर का खर्च संभालना मुश्किल हो गया था। इसलिए मोना ने वेलकम गर्ल का काम करना शुरू किया। वेलकम गर्ल शादी-पार्टियों में गेस्ट का स्वागत करती हैं।बुधवार शाम करीब 6:30 बजे दिवाकर घर आया। वह पत्नी मोना से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगने लगा। मोना ने उसे पैसे देने से मना कर दिया। इस पर दिवाकर गुस्से में आ गया। उसने पहले तो पत्नी की जमकर पिटाई की। इसके बाद वह पैसे लेकर शराब पीने के निकल गया।
करीब 16 मिनट बाद महिला ने अपने पति को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की और फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शुभम भागते हुए घर पहुंचा। लेकिन तब तक उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। सूचना पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर महिला के शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। रावतपुर थाना प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया- अभी परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।