पुलिस की त्वरित एवं निष्पक्ष कार्यवाही पर जघन्य अपराधों में आयी उल्लेखनीय गिरावट
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | उत्तर प्रदेश सरकार की अपराध नियंत्रण के प्रति सख्त एवं स्पष्ट नीति के अंतर्गत वर्ष-2025 में कानपुर जोन पुलिस द्वारा किए गए प्रभावी एवं योजनाबद्ध प्रयासों के परिणामस्वरूप कानून-व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। निरंतर सधन पुलिसिंग, त्वरित निरोधात्मक कार्यवाही तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कदमों के चलते जोन में घटित अपराधों में निरंतर गिरावट देखने को मिली है, जो जनसुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। कानपुर जोन पुलिस द्वारा कार्यप्रणाली की गुणवत्ता में सुधार करते हुए अपराधियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की गयी। पुलिस की त्वरित एवं निष्पक्ष कार्यवाही के परिणाम स्वरूप विभिन्न श्रेणीयों के जघन्य अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट आयी है।
शासन द्वारा महिला सुरक्षा एवं महिला सम्बन्धी अपराधों के प्रति अपनाई गई संवेदनशील नीति के दृष्टिगत कानपुर जोन पुलिस द्वारा पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ की गई प्रभावी कार्यवाही से महिला सम्बन्धी अपराधों में निरंतर कमी आई एवं महिलाओं में स्वावलंबन एवं सुरक्षा की भावना का विकास हुआ। वर्ष 2025 में कानपुर जोन के अन्तर्गत समस्त जनपदों के थाना स्तर पर घटित अपराधों एवं उनमें कृत कार्यवाहियों का विस्तृत संकलन एवं विश्लेषण किया गया। तुलनात्मक विश्लेषण से पाया गया कि विगत वर्ष 2024 के सापेक्ष वर्ष 2025 में लूट के अपराधों में 39 प्रतिशत की कमी, हत्या सम्बन्धी अपराधों में 12 प्रतिशत कमी, बलवा के अपराधों में 11 प्रतिशत कमी, वाहन चोरी के अपराधों में 18 प्रतिशत कमी, अन्य कुल चोरी सम्बन्धी अपराधों में 14 प्रतिशत कमी, अपहरण के अपराधों में अब तक 95 प्रतिशत अपह्ताओं की सकुशल बरामदगी करने में कानपुर जोन की पुलिस पूर्णतः सफल रहा है। इसी प्रकार उत्तर-प्रदेश सरकार के निम्न महत्वूपर्ण बिन्दुओं से सम्बन्धित अपराधों के अध्ययन एवं विश्लेषण से पाया गया कि गो-वध से सम्बन्धित अपराधों में 20 प्रतिशत की कमी आयी है। इसी प्रकार गौ-वध जैसे संवेदनशील अपराधों में वर्ष 2025 में कुल 84 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा 04 अपराधियों के विरूद्ध रासुका के अन्तर्गत कार्यवाही, 02 अपराधियों के विरूद्ध गैंगस्टर अधिनियम अन्तर्गत कार्यवाही कर 17,54,697 रूपये की सम्पत्ति जब्त की गयी तथा 05 अपराधियों के विरूद्ध गुण्डा एक्ट के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए 15 वाहन सीज किए गये। महिला सम्बन्धी अपराधों की रोकथाम हेतु विशेष प्रयास महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानपुर जोन पुलिस द्वारा वर्ष-2025 में महिला सम्बंधी अपराधों की रोकथाम, त्वरित निस्तारण एवं पीड़िताओं को न्याय दिलाने हेतु सशक्त, संवेदनशील एवं बहुआयामी कार्यवाही की गई है। शासन की स्पष्ट मंशा के अनुरूप महिला सम्मान, सुरक्षा एवं स्वाभिमान की रक्षा हेतु शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई। महिला सम्बन्धी अपराधों में संलिप्त अपराधियों की तत्परतापूर्वक गिरफ्तारी करायी गयी तथा वर्ष 2025 में 1845 आपराधिक व्यक्तियों के विरूद्ध गुण्डा अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही की गयी, जिसके परिणामस्वरूप बलात्कार के अपराधों में 33 प्रतिशत, शीलभंग के अपराधों में 09 प्रतिशत तथा पॉक्सों एक्ट / अपहरण के अपराधों में 01 प्रतिशत की कमी परिलक्षित हुयी है। महिला सम्बंधी मामलों में त्वरित एफआईआर पंजीकरण, समयबद्ध विवेचना तथा प्रभावी अभियोजन के माध्यम से दोषियों को कठोर दंड दिलाना सुनिश्चित किया गया। ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत महिला सम्बन्धी अपराधों में 304 व्यक्तियों को सजा करायी गयी, जिसके अन्तर्गत 35 अपराधियों को आजीवन कारावास, 65 अपराधियों को 20 वर्ष या इससे अधिक के कारावास तथा 204 अपराधियों को 20 वर्ष से कम के कारावास से दण्डित कराया गया, जिससे समाज में स्पष्ट एवं कठोर संदेश गया है। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता को केंद्र में रखते हुए ग्राम, वार्ड एवं न्याय पंचायत स्तर पर 2533 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गए, जिसमें अन्य विभाग के कुल 5892 कर्मी (आँगनबाड़ी कार्यकत्री, बीसी सखी, लेखपाल, ए०एन०एम०, आशा वर्कर, ग्राम पंचायत अधिकारी, रोजगार सेवक आदि) उपस्थित रहे। उक्त कार्यक्रमों के दौरान कुल 64600 महिला/बालिका उपस्थित रही, जिन्हें महिला बीट पुलिस कर्मियों द्वारा प्रचार-प्रसार सम्बन्धी 62891 सामग्री वितरित की गयी। चलाये गये अभियान में कुल-4884 महिलाओं/बालिकाओं की काउन्सलिंग की गयी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सहायता तंत्रों की जानकारी प्रदान की गई। घरेलू हिंसा से पीड़ित 345 महिलाओं का चिन्हीकरण किया गया, 340 महिलाओं / बालिकाओं को काउन्सलिंग/विधिक सहायता उपलब्ध करायी गयी। 597 घरेलू विवाद एवं गुजारा भत्ता के प्रकरणों से सम्बन्धित मा० परिवार न्यायालय के एक्टिव सम्मनों में से 438 का तामीला कराया गया। महिला सम्बन्धी अपराधों में वर्ष 2025 में जेल से रिहा 1135 अभियुक्तों में से 786 का सत्यापन कराया गया। महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी, संवाद एवं विश्वास आधारित पुलिसिंग को सुदृढ़ किया गया। कानपुर जोन के अधीनस्थ जनपदों में कुल 139 थानों पर मिशन शक्ति केन्द्रो की स्थापना करते हुये उनके सफल एवं कुशल संचालन हेतु प्रत्येक थाने के थाना प्रभारी, कुल 232 उपनिरीक्षक (199-पुरूष, 33-महिला) कुल 127 मुख्य आरक्षी (70-पुरुष, 57-महिला) कुल 597 आरक्षी (219-पुरुष 378-महिला) एवं 41 पीआरडी / होमगार्ड की नियुक्ति की गयी है। कुल नियुक्ति 1233 पुलिस कर्मियों में से 1079 पुलिस कर्मियों द्वारा iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया गया है। पुलिस के उत्तरदायित्व तथा विभिन्न महिला अपराधों के सम्बन्ध में समस्त कार्यवाही मानक संचालन प्रकिया में निहित निर्देशों के अनुसार सम्पादित करायी जा रही है, जिनका समय-समय पर उच्चाधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। महिला सम्बंधी अपराधों में जेल से रिहा अभियुक्तों का सत्यापन कर पुनरावृत्ति की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की गई। मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता, मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया। इन समेकित प्रयासों के परिणामस्वरूप कानपुर जोन में महिला अपराधों में निरंतर एवं उल्लेखनीय गिरावट परिलक्षित हुई है, जो महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।अपराधों में अभूतपूर्व कमी के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु कानपुर जोन पुलिस द्वारा विधि अनुमन्य प्रावधानों के अनुसार बड़ी मात्रा में निरोधात्मक कार्यवाही को अमल में लाकर वर्ष 2025 में अब तक 1845 गुण्डा अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही तथा 110 (मिनी गुण्डा) अन्तर्गत 13,891 अभियुक्तों के विरूद्ध कार्यवाही कर भारी धनराशि से पाबन्द मुचलका कराया गया तथा 351 गुण्डा अपराधी जिलाबदर किए गये है। गुण्डा जिलाबदर अपराधियों द्वारा शर्तों का उल्लघंन करने पर 34 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। गैंग्स्टर अधिनियम अन्तर्गत 398 अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही कर जेल भेजा गया है तथा 40 अपराधियों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गयी 108 करोड़ रूपये की सम्पत्तियों का जब्तीकरण किया गया। इसके अतिरिक्त आलोच्य वर्ष 2025 में 14 अपराधियों के विरूद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून अन्तर्गत कार्यवाही की गयी है। कानपुर जोन के अधीनस्थ जनपदो में अपराधिक कृत्यों में लिप्त चिन्हित 425 माफियाओं के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 24 अपराधियों पर एन०एस०ए० तथा 282 अपराधियों पर गैंगस्टर, 259 पर गुण्डा तथा 268 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुलवाई गयी है। वर्तमान समय में 63 अपराधी जेल में है। अपराधियों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गयी सम्पत्ति 1144 करोड़ रूपये की जब्तीकरण की कार्यवाही तथा बड़े माफियाओं के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए प्रदेश स्तर पर चिन्हित जनपद फतेहगढ़ के माफिया अनुपम दुबे के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए कुल 241 करोड़ रूपये की सम्पत्ति तथा जनपद झांसी के माफिया दीप नरायण उर्फ दीपक यादव कुल 573 करोड़ तथा जनपद कन्नौज के अपराधी नवाब सिंह की कुल 20 करोड़ की सम्पत्ति जब्त की गयी है। माफिया अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए अरबों रूपये की अवैध सम्पत्तियां जब्त की गयी। प्रदेश के कुख्यात माफिया तत्वों की आर्थिक रीढ़ तोड़ने में कानपुर जोन पुलिस का उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। आबकारी अधिनियम के अन्तर्गत कृत कार्यवाही में वर्ष 2025 में 4617 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2376 लीटर अंग्रेजी शराब, 52,750 लीटर देशी शराब जिसकी सम्पूर्ण अनुमानित कीमत 01 करोड़ 20 लाख से अधिक की बरामदगी कर 36 अवैध शराब बनाने के कारखानों को नष्ट कर आबकरी सम्बन्धित अपराधों में लिप्त अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की गयी। मादक पदार्थों के अन्तर्गत गांजा 2576 किलोग्राम, चरस 02 किलो 64 ग्राम, अफीम 01 किलो 65 ग्राम बरामद कर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 04 करोड़ 26 लाख रूपये है, 'नशे के कारोबार को ध्वस्त करने में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है।
|