आम बजट 2026 को लेकर भाजपा का व्यापक जनसंवाद अभियान
- सभी जिलों व मंडलों में होगा लाइव प्रसारण
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी आगामी आम बजट को लेकर संगठनात्मक स्तर पर व्यापक जनसंपर्क एवं जनसंवाद अभियान चलायेगि। इस क्रम में पार्टी अपने सभी जिलों, मंडलों एवं बूथ स्तर पर आमजन और कार्यकर्ताओं के लिए आम बजट का लाइव प्रसारण आयोजित करेगी।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने यह निर्णय राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन में लिया है। उन्होंने कहा कि आम बजट देश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है और इसे जन-जन तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। श्री पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 फरवरी से 10 फरवरी के मध्य बजट को लेकर क्षेत्र के सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रम, संगोष्ठियां, परिचर्चाएं एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से आम बजट की प्रमुख विशेषताओं, जनकल्याणकारी प्रावधानों एवं विकसित भारत के संकल्प को जनता तक पहुंचाया जाएगा। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि बजट अभियान के सफल संचालन हेतु क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का संयोजक नियुक्त किया गया है। क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, संजीव पाठक तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट अवधेश मिश्रा को सह-संयोजक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।