कानपुर एयरपोर्ट पर हंगामा
-यात्री का आरोप- 'सिर्फ गहनों वाला बैग ही क्यों खुला?', अधिकारियों ने पल्ला झाड़ा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। पोलैंड से दिल्ली होते हुए कानपुर लौटी एक महिला यात्री के साथ हवाई सफर के दौरान लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़िता के तीन बैग पोलैंड एयरपोर्ट पर छूट गए थे, जो चार दिन बाद कानपुर (चकेरी) एयरपोर्ट तो पहुंचा, लेकिन उनमें रखे करीब 4.20 लाख रुपये के गहने गायब थे। अब पीड़ित परिवार न्याय के लिए दिल्ली से लेकर कानपुर तक के चक्कर काट रहा है, लेकिन अधिकारी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं।
रतनलालनगर दबौली निवासी रमाकांत शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी आस्था, जिसके पति पोलैंड में कार्यरत हैं, 23 जनवरी को पोलैंड से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची थीं। चेकिंग के दौरान पता चला कि उनके तीनों बैग पोलैंड में ही रह गए हैं। एयरलाइंस ने आश्वासन दिया कि सामान अगली फ्लाइट से कानपुर भेज दिया जाएगा। 28 जनवरी को जब बैग कानपुर एयरपोर्ट पर प्राप्त हुए, तो घर जाकर चेक करने पर पता चला कि दो बैग खुले हुए थे और उनमें रखे सोने-हीरे की अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमकी और पायल गायब थे। पीड़िता के पिता जब शिकायत लेकर कानपुर एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां उनकी अधिकारियों से तीखी झड़प हो गई। चकेरी और गोविंदनगर थानों ने भी मामला दर्ज करने के बजाय उन्हें टरका दिया।