सदर विधायक ने रविदास भवन का रिबन काटकर किया उद्घाटन |
सुशील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कुरारा,हमीरपुर l नगर कुरारा में प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी महान संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित रहे। जयंती समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति एवं नगर पंचायत चेयरमैन आशारानी कबीर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर रविदास भवन का विधिवत रिबन काटकर उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात संत गुरु रविदास के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पमाला अर्पित करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका प्रसिद्ध कथन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने का संदेश देता है। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया। अंत में शांति और सद्भाव की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।