पूर्व कैबिनेट मंत्री बसपा एवं अपना दल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने अपने साथियों समेत सपा का दामन थामा |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर हमीरपुर। पूर्व बसपा नेता तथा अपना दल (सोनेलाल) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के सपा में शामिल होने के बाद सपा का पीडीए बुंदेलखंड में धरातल पर मजबूत होगा। साथ ही बसपा को करारा झटका देगा।
पूर्व बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी की बुंदेलखंड में मजबूत पकड़ है। बसपा सरकार में नंबर दो की हैसियत पर रहे नसीमुद्दीन ने बुंदेलखंड के विकास में कोई कोर कसर नहीं रखी थी। अल्पसंख्यकों के अलावा तमाम पिछड़े एवं अनुसूचित जाति में उनकी मजबूत पकड़ है। बुंदेलखंड के प्रत्येक जनपद के शहर कस्बों गांवों में उनके हजारों समर्थक आज भी हैं। सपा में आने पर यह समर्थक सपा से जुड़कर सपा को मजबूती प्रदान करेंगे। वहीं पिछड़े वर्ग के अपना दल (सोनेलाल) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल की पकड़ बुंदेलखंड में पाल समाज में मजबूत है। इनके सपा में शामिल होने से पाल समाज बुंदेलखंड में सपा की ओर झुकेगा। इससे सपा का पीडीए बुंदेलखंड में काफी मजबूत होगा क्योंकि पाल समाज के पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, राज बहादुर पाल, झांसी के राकेश पाल आदि तमाम कद्दावर नेता पहले से ही सपा में सक्रिय हैं। इन दोनों नेताओं के सपा में शामिल होने से इसका सीधा लाभ सपा को प्रस्तावित पंचायत चुनाव के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलना राजनीति के जानकार तय मानते हैं।
वरिष्ठ सपा नेता शुभकरण सिंह परिहार मानते हैं कि नसीमुद्दीन राजनीति में बड़ा चेहरा हैं। इनके सपा में शामिल होने से इसका लाभ पूरे प्रदेश में मिलेगा क्योंकि बांदा के निवासी होने के कारण बुंदेलखंड में सपा पूर्व से अब और बेहतर स्थिति में होगी और अल्पसंख्यक मतों का बिखराव थमेगा। पूर्व मंत्री के पार्टी में शामिल होने से पीडीए मजबूत होगा और धरातल पर मजबूती मिलेगी। सपा जिलाध्यक्ष इदरीस खान ने कहा कि पूर्व मंत्री के सपा में आने से पूरे प्रदेश में सपा को मजबूती मिलेगी और सपा आगामी विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत पाकर प्रदेश में सरकार बनाएगी।