पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सरीला, हमीरपुर l जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खेती के विवाद में दबंगों पर एक परिवार पर हमला करने, मारपीट करने और नगदी व जेवर छीनने का आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जलालपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर (ममना) गांव के पीड़ित के अनुसार 27 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे खेती के पुराने विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष के कई लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उसके बेटे से मोबाइल फोन छीन लिया, पत्नी की नाक की सोने की कील निकाल ली और बेटे की जेब से करीब 30 हजार रुपये नगद भी जबरन ले गए। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित ने सुबह 8 बजे डायल 112 पर फोन किया, लेकिन आरोप है कि मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि खुलेआम मारपीट और लूट के आरोपों के बाद भी पुलिस की कार्रवाई क्यों नहीं दिख रही? क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा, या दबंगों का खौफ यूं ही कायम रहेगा?