तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो किशोरों को टक्कर मारी दी एक मौत दूसरा घायल |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l थाना सुमेरपुर क्षेत्र के अंतर्गत पत्योरा गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बालू लाने जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे पत्योरा निवासी शिवरतन (17 वर्ष) पुत्र शिव नारायण निषाद और ध्रुव निषाद (16 वर्ष) पुत्र राम खिलावन बाइक से सुमेरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुमेरपुर की तरफ से खाली ट्रक बालू लदवाने के लिए पत्योरा खदान की ओर जा रहा था। गांव के बाहर ट्रक ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवरतन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ध्रुव निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
पुलिस ने जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया तो परिजनों ने विरोध करते हुए मुआवजा और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। खबर लिखे जाने तक मौके पर भारी भीड़ जमा रही और तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे रहे।