संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला जांच शुरू |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l जनपद के बिवार थाना क्षेत्र के बिगहना गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बिगहना गांव निवासी मुर्तजा की पत्नी फातिमा का शव उसके घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका मूल रूप से महाराष्ट्र के रत्नागिरी की रहने वाली थी, जिसका असली नाम उत्कर्षा बताया जा रहा है। करीब तीन वर्ष पहले मुर्तजा महाराष्ट्र में मजदूरी करता था, जहां उसकी मुलाकात उत्कर्षा से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए और बाद में मुर्तजा उसे अपने गांव बिगहना ले आया, जहां दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। विवाह के बाद उत्कर्षा ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम फातिमा रख लिया। दंपति का एक तीन माह का पुत्र भी है।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच खाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद फातिमा अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद जब परिजनों ने देखा तो उसका शव फंदे पर लटका मिला, जिससे घर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी राज कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या और अन्य संभावनाओं—को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ।