नारी लीड्स स्वच्छता थीम पर महिलाओं को किया सम्मानित |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद राठ द्वारा वेस्ट टू वंडर पार्क में कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली महिला सफाईमित्रों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया। “नारी लीडस् स्वच्छता” थीम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि समाज में स्वच्छता बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला सफाईमित्रों और स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं ने अपने समर्पण, परिश्रम और जिम्मेदारी के साथ नगर को स्वच्छ रखने में सराहनीय कार्य किया है। उनके प्रयासों से स्वच्छता अभियान को मजबूती मिल रही है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की गई। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी मोहित शर्मा, मनीष भारद्वाज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।