पीस कमेटी की बैठक में गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा, हमीरपुर l कोतवाली मौदहा परिसर में उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्बे के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर विभिन्न स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
बैठक के दौरान कस्बे में गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गैस संचालक राजेंद्र मधुपिया ने बताया कि उनकी एजेंसी में गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और कस्बे में प्रतिदिन गैस सिलेंडरों की सप्लाई पहुंच रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराएं और जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी अपडेट नहीं है, वे जल्द से जल्द अपनी केवाईसी पूरी करा लें, जिससे वितरण में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।वहीं मोहल्ला निवासी राजू सिंह और चरन यादव ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही गैस की बुकिंग कराई थी और आज उन्हें गैस सिलेंडर मिल गया, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
बैठक में गेस्टहाउसों के बाहर बचा हुआ खाना फेंके जाने से फैल रही गंदगी और आवारा पशुओं की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर भोजन या कचरा न फेंका जाए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा गांधी विद्यालय जाने वाली सड़क की खराब स्थिति को लेकर भी लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। इस पर संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही गई। अधिकारियों ने बैठक में मौजूद लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।