मां ने शराब पीने से मना किया तो बेटा ट्रेन के आगे कूदा, मौत
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस बिठूर। मंधना में देर रात को युवक शराब पीकर घर गया तो मां ने शराब पीने से मना करते हुए उसे फटकार लगा दी। मां की फटकार से आहत होकर रात बेटे ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। देर रात को पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिठूर थाने क्षेत्र बगदौधी बांगर निवासी ममता रावत के परिवार में दो बेटी व बेटा रवि रावत, (27) है। मां ममता रावत ने बताया कि बेटा मंधना में एक मसाला फैक्ट्री में काम करता था। बेटा शराब का लती था और आए दिन बेटा शराब के नशे में घर आता था। शराब के नशे में अक्सर घर व पड़ोस में विवाद हो जाता था। शनिवार को भी रवि शराब पी कर घर पहुंचा तो मां ममता ने उसे फटकार लगा दी। फटकार से आहत रवि ने देर रात घर से निकल गया और ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। रात तक जब वह घर नहीं आया तो मां ममता ने उसके दोस्तों को फोनकर पूछा काफी खोजबीन की ,लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। देर रात को बिठूर थाने की मंधना चौकी के पुलिस द्वारा बेटे के ट्रेन से कटकर मौत हो जाने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मृतक शराब का लती था। देर रात को घर शराब के नशे में पहुंचा था। जिसपर मां ने डांटा तो नाराज होकर घर से निकल आया और देर रात को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।