संविदा कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश के लिए केस्को एमडी को दिया ज्ञापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। केस्को संविदा मजदूर संघ के महामंत्री शंभू सिंह ने कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से नियोजित संविदा कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश दिए जाने को लेकर केस्को एमडी को ज्ञापन सौंपा। महामंत्री शंभू सिंह ने बताया कि संघ के संज्ञान में आया है कि केस्को में वाह्य कार्यदायी संस्था के माध्यम से नियोजित संविदा कर्मचारियों से लगातार 30 दिनों तक कार्य कराया जा रहा है, जो श्रम नियमों के विरुद्ध है तथा इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसकी पुष्टि उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति विवरण से की जा सकती है। बायोमेट्रिक उपस्थिति विवरण से यह स्पष्ट हो जायेगा कि कर्मचारियों को महीने में निर्धारित 4 अवकाश नहीं दिए जा रहे हैं, जो उनके अधिकारों का हनन है। इस सम्बन्ध में सम्बन्धित कर्मचारियों द्वारा साप्ताहिक अवकाश की मांग किये जाने पर उनको काम से हटाने की धमकी भी दी जाती है। उन्होंने ने केस्को एमडी से ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि उपरोक्त सभी परिस्थितियाँ न केवल अन्यायपूर्ण हैं, बल्कि श्रमिकों के मूल अधिकारों के भी विरुद्ध हैं। संविदा कर्मचारियों के लिए कार्य-दिवस एवं अवकाश संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि श्रमिकों को प्रति माह निर्धारित अवकाश अनिवार्य रूप से दिए जाए।
|