कड़ी धूप में घर से बाहर निकलने से करें परहेज़ |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद में बढ़ती गर्मी और लू (हीट-वेव) के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय (जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण) द्वारा जनपदवासियों के लिए सुरक्षात्मक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) राकेश कुमार ने बताया कि लू की स्थिति शरीर की कार्य प्रणाली पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है, जिससे जीवन को खतरा हो सकता है। इसके बचाव हेतु नागरिकों को 'क्या करें और क्या न करें' की सूची जारी की गई है।
*सावधानियां: क्या करें (बचाव के उपाय)*
धूप से बचें: दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे के बीच कड़ी धूप में बाहर निकलने से परहेज करें।
हाइड्रेशन: प्यास न लगने पर भी बार-बार पानी पिएं। यात्रा के दौरान अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें।
पहनावा: हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय गमछा, टोपी, छाता, चश्मा और जूतों/चप्पलों का प्रयोग करें।
घरेलू उपचार: ओ.आर.एस. (नमक-चीनी का घोल), लस्सी, नींबू-पानी, छाछ और आम के पने का नियमित सेवन करें।
पशुओं का ध्यान: पालतू जानवरों को छायादार स्थान पर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाएं।
घर का वातावरण: दिन के समय खिड़कियां और पर्दे बंद रखें ताकि गर्मी अंदर न आए, रात में ठंडी हवा के लिए खिड़कियां खोलें।
क्या न करें (सावधानियां)
बच्चों और पालतू जानवरों को खड़ी बंद गाड़ियों में अकेला कभी न छोड़ें।
शराब, चाय, कॉफी और अत्यधिक कार्बोनेटेड ड्रिंक्स (सोडा) से बचें, क्योंकि ये शरीर को निर्जलित करते हैं।
उच्च प्रोटीन युक्त और बासी भोजन न करें। ताजा और हल्का भोजन ही लें।
दोपहर के समय भारी शारीरिक श्रम वाले कार्यों से बचें।
अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि किसी को चक्कर आए या तबीयत खराब लगे, तो तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें। उन्होंने सभी से सतर्क रहने और स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।