कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से रचनात्मक फैशन इलस्ट्रेशन हुई प्रतियोगिता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग द्वारा “ए.आई. के माध्यम से रचनात्मक फैशन इलस्ट्रेशन” विषय पर एक प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्नातक एवं परास्नातक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों को पूर्व में वस्त्रों के विभिन्न टेक्सचर पर आधारित डिजाइनिंग की थीम प्रदान की गई थी, जिसमें नेचुरल, ज्योमेट्रिकल, एब्स्ट्रैक्ट एवं स्टाइलाइज्ड डिज़ाइन के साथ ही टाई-एंड-डाई, बाटिक इत्यादि प्रभाव भी शामिल थे। प्रतिभागियों ने पहले हस्त-निर्मित फैशन इलस्ट्रेशन तैयार किए, तत्पश्चात उन्हें ए.आई. टूल्स की सहायता से डिजिटल स्वरूप में परिवर्तित किया l इसके साथ ही, उपयोग किए गए प्रॉम्प्ट्स को भी स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें संचार एवं प्रसार शिक्षा विभाग की डॉ. संघमित्रा मोहापात्रा, संसाधन प्रबंधन एवं उपभोक्ता विज्ञान विभाग की डॉ. अलेना तथा परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग की डॉ. एकता शर्मा शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, प्रस्तुति कौशल, ए.आई. के प्रभावी उपयोग के साथ ही उपयोग किए गए प्रॉम्प्ट्स के आधार पर मूल्यांकन किया।कार्यक्रम का सफल आयोजन परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग की प्राध्यापक डॉ. एकता शर्मा एवं विभाग प्रभारी डॉ. अर्चना सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन टीचिंग एसोसिएट डॉ. अंकिता यादव द्वारा सुचारु रूप से किया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता पद का कार्यभार संभाल रहीं डॉ. मुक्ता गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहीं तथा उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
यह आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, फैशन की सौंदर्यपरक समझ तथा ए.आई. आधारित डिजिटल कौशल को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।