विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता गोष्ठी एवं रैली का आयोजन*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, कानपुर नगर के सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी की अध्यक्षता में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों (वीबीडी) की रोकथाम, लक्षणों एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वेक्टर बोर्न) सहित समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला मलेरिया अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही कार्यालय एवं शहरी मलेरिया इकाई के समस्त मलेरिया निरीक्षक, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक तथा वीबीडी स्टाफ ने भी सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें एएनएमटीसी की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से आमजन को मलेरिया से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं को भी मलेरिया रोग के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को मलेरिया उन्मूलन हेतु जागरूकता फैलाने एवं बचाव उपायों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।