कीट नाशक रसायन प्रतिष्ठानों पर की गई छापेमारी |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर।शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी हमीरपुर द्वारा गठित टीमों के माध्यम से जनपद में कृषकों को गुणवत्तायुक्त कीटनाशक रसायन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित दरों पर बिक्री की निगरानी हेतु आज विभिन्न कीटनाशक रसायन विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 05 नमूने संकलित किए गए।
तहसील मौदहा में तहसीलदार मौदहा के साथ डॉ. प्रमोद कुमार, उप कृषि निदेशक, हमीरपुर द्वारा 05 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 02 कीटनाशक रसायनों के नमूने लिए गए तथा मेसर्स पंजाब बीज भंडार, मौदहा पर कीटनाशी विक्रय बंद पाए जाने एवं आवश्यक अभिलेख (स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, लेखा रजिस्टर, लाइसेंस एवं कैश मेमो) प्रस्तुत न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
तहसील राठ एवं सरीला में तहसीलदारों के साथ डॉ. हरि शंकर, जिला कृषि अधिकारी, हमीरपुर द्वारा 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसमें 02 नमूने संकलित किए गए तथा 07 विक्रेताओं को अनियमितताओं के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
तहसील हमीरपुर में तहसीलदार हमीरपुर के साथ डॉ. इंद्रेश कुमार गौतम, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, हमीरपुर द्वारा 02 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 02 नमूने लिए गए तथा अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक न पाए जाने पर दोनों विक्रेताओं को चेतावनी नोटिस जारी किया गया। छापेमारी के दौरान सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे रसायन बिक्री पर कैश मेमो अनिवार्य रूप से दें, स्टॉक रजिस्टर एवं बिक्री रजिस्टर अद्यतन रखें तथा रेट बोर्ड प्रदर्शित करें।
संकलित नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा तथा रिपोर्ट प्राप्त होने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।जनपद में सभी प्रकार के कीटनाशक रसायनों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा निर्धारित दरों पर ही विक्रय सुनिश्चित कराया जा रहा है।