अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर सरसैया घाट में कार्यशाला, श्रमिकों को योजनाओं का लाभ वितरित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर नवीन सभागार, सरसैया घाट, कानपुर नगर में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी (उत्तर) अनिल दीक्षित उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एडीएम सिटी राजेश कुमार, अपर श्रम आयुक्त पी.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, डिप्टी डायरेक्टर फैक्ट्री सचिन यादव तथा सहायक श्रम आयुक्त राम लखन पटेल सहित श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में उद्योग प्रतिनिधियों के रूप में उमंग अग्रवाल, मनोज बांका, बृजेश अवस्थी तथा श्रमिक प्रतिनिधियों के रूप में अनिल उपाध्याय और राम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में कारखाना एवं भवन निर्माण श्रमिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संबोधन से हुई, जिसे उपस्थित श्रमिकों ने सुना। इस दौरान संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यशाला में विभिन्न श्रम कल्याण योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता वितरित की गई। ज्योतिबा फुले श्रमिक कन्यादान योजना के अंतर्गत 51,000 रुपये की धनराशि रामबाबू, निधि शुक्ला, कायम सिंह, महेश चंद एवं राजेंद्र कुमार को प्रदान की गई। वहीं प्राविधिक शिक्षा सहायता योजना के तहत वेद प्रकाश मिश्रा एवं अशोक झा के बच्चों को 25,000 रुपये की सहायता दी गई।
इसके अतिरिक्त असंगठित श्रमिकों को शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को 31,000 एवं 26,000 रुपये की सहायता प्रदान की गई। साथ ही संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए भी हितलाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम का समापन श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी एवं उनके अधिकाधिक लाभ दिलाने के संकल्प के साथ हुआ।