जीवित किसान को लेखपाल की मिलीभगत से कागजों में मृत दिखाकर जमीन हड़पी
- एसडीएम ने दिए जांच के आदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। नरवल तहसील क्षेत्र में जमीन के रिकॉर्ड में कथित फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है।
डोमनपुर गांव के लेखपाल पर आरोप है कि उसने एक जीवित किसान को कागजों में मृत दर्शाकर उसकी जमीन तीन लोगों के नाम दर्ज कर दी। यशोदानगर निवासी श्रीकांत द्विवेदी का पैतृक गांव डोमनपुर है, जहां कटरी क्षेत्र में उनकी कृषि भूमि स्थित है। श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि दो दिन पहले जब उन्होंने अपनी खतौनी निकलवाई, तो जमीन पर अमित कुमार, नीरज कुमार और सरोज के नाम दर्ज मिले। इस पर उन्होंने जानकारी की, तो पता चला कि संबंधित लेखपाल ने मिलीभगत कर अभिलेखों में उन्हें मृत दर्शा दिया और सरोज को पत्नी तथा अमित व नीरज को पुत्र दिखाकर फर्जी वरासत दर्ज कर दी। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत नरवल एसडीएम से की है। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएंगी।