किसान दिवस में आधुनिक खेती, मार्केट लिंक और तकनीक पर जोर
*सीडीओ बोले—कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं को गांव तक पहुंचाना प्राथमिकता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।विकास भवन सभागार में आज आयोजित किसान दिवस में किसानों को आधुनिक खेती, तकनीक, जैविक उर्वरकों और बाजार से जुड़ाव को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से आए किसानों ने कृषि संबंधी अनुभव साझा किए और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सीडीओ अभिनव जैन ने कहा कि किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि तकनीक, प्रोसेसिंग और मार्केट लिंक से भी जुड़ना होगा। उन्होंने कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को क्लस्टर आधारित खेती अपनाने और बाजार की जरूरतों के अनुसार उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी। साथ ही कहा कि विभागीय योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से जैविक खाद और उर्वरकों के अधिक प्रयोग की अपील करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना समय की आवश्यकता है। किसानों की खाद और बीज संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग को हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि कैंचा बीज की ई-लॉटरी में चयनित किसान अपने विकासखंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से प्रक्रिया पूर्ण कर बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक में किसानों को 16 जून से शुरू होने वाले “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नई तकनीकों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
एडीसीपी स्नेहा तिवारी ने किसानों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल से घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी स्थिति में किसान हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं से भी खाद वितरण को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की अपील की।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिले के लिए 30 हजार वर्ग मीटर पॉलीहाउस का लक्ष्य मांगा गया है, जिस पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। खजूर, गेंदा, ग्लैडिओलस और देसी गुलाब की खेती करने वाले किसानों को पौध भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी प्राची पाण्डेय, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सलीमुद्दीन, भूमि संरक्षण अधिकारी आरपी कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।