दो बाइकों की राष्ट्रीय राजमार्ग- 34 पर हुई भीषण भिड़ंत, एक युवक घायल
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर ,हमीरपुर l सुमेरपुर कस्बा में मंगलवार सुबह एनएच- 34 पर दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना गायत्री विद्या मंदिर गेट के सामने की बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार आशीष कुमार पुत्र केदार प्रसाद निवासी इमिलिया थोक, कस्बा व थाना सुमेरपुर मंगलवार सुबह इटरा हनुमान मंदिर से दर्शन कर पल्सर बाइक से वापस लौट रहे थे। तपोभूमि के पास एनएच-34 से दाहिनी ओर सड़क पार कर मुड़ते समय उनकी बाइक सुमेरपुर से मौदहा की ओर जा रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई।हादसे में आशीष कुमार के पैर में चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर घायल को जिला चिकित्सालय हमीरपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं दूसरी बाइक सवार को कोई चोट नहीं आई और वह मौके से चला गया।पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद यातायात सामान्य रहा। मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।