भीषण गर्मी एवं लू से बचाव हेतु जिला प्रशासन अलर्ट
जनसुविधाओं के लिए SDRF से 14 लाख रुपये की धनराशि आवंटित
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं उष्ण लहर (लू) के प्रभाव को देखते हुए जनसुरक्षा एवं राहत हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं। वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण विशेष रूप से मजदूरों, किसानों एवं धूप में कार्य करने वाले लोगों में निर्जलीकरण एवं लू लगने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार लू एवं भीषण गर्मी से बचाव हेतु जनपद की समस्त तहसीलों एवं नगरीय निकायों में राहत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा राज्य आपदा मोचक निधि (SDRF) के अंतर्गत जनपद की सभी तहसीलों—हमीरपुर, मौदहा, राठ एवं सरीला—को 01-01 लाख रुपये, समस्त नगर पंचायतों को 01-01 लाख रुपये तथा नगर पालिकाओं को 02-02 लाख रुपये की दर से कुल ₹14,00,000/- (चौदह लाख रुपये) की धनराशि आवंटित की गई है। उक्त धनराशि से बस स्टैंड, श्रमिक अड्डों, टैक्सी/ऑटो स्टैंड, प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर टेंट/छाया, एयर कूलर, शीतल पेयजल एवं शेड आदि की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएंगी। संबंधित तहसीलदारों एवं अधिशाषी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी एवं लू के दौरान अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, ORS, छाछ, नींबू पानी आदि का सेवन करते रहें। हल्के सूती वस्त्र पहनें एवं सिर को ढककर बाहर निकलें। अस्वस्थता, चक्कर या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। कृषकों एवं पशुपालकों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय पशुओं को धूप में न रखें तथा खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने हेतु आवश्यक सिंचाई एवं मल्चिंग की व्यवस्था करें। सब्जियों एवं अन्य फसलों को तेज धूप से बचाने हेतु छाया,नेट का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।