सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, भ्रामक आंकड़ों का किया गया खंडन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए जाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। माह जनवरी 2026 से अब तक सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा हेतु आठ महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। मई 2026 में भी जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में तीन विशेष समीक्षा बैठकें आयोजित कर दुर्घटना संभावित स्थलों एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कुछ समाचार पत्रों द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रकाशित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विगत तीन वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या 645 नहीं, बल्कि 173 है, जो प्रकाशित आंकड़ों के एक-तिहाई से भी कम है। प्रशासन ने समाचारों के प्रकाशन में तथ्यों की प्रमाणिकता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की है।
जनपद में संयुक्त प्रवर्तन टीमें लगातार जांच एवं प्रवर्तन कार्यवाही कर रही हैं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग NH-34 के फोरलेन ग्रीनफील्ड निर्माण की कार्यवाही भी गतिमान है। राठ एवं मौदहा बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन करने की अपील की है।