सड़क सुरक्षा अभियान के अन्तर्गत स्टेट हाइवे पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों को हटवाया गया तथा वाहन चालकों को जागरूक किया
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। उक्त अभियान के अंतर्गत थाना ललपुरा, थाना बिवांर, थाना मुस्करा, थाना राठ की टीमों द्वारा स्टेट हाईवे के किनारे, आसपास तथा हाईवे से लगे पेट्रोल पंपों के निकट खड़े ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई, जिनसे सड़क दुर्घटना होने की संभावना हो।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा हाईवे के किनारे अव्यवस्थित एवं असुरक्षित ढंग से खड़े वाहनों को चिन्हित कर लगभग 75 वाहनों को हटवाया गया। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा हाईवे पर वाहन खड़ा करते समय निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा वाहन स्वामियों एवं चालकों को बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित अथवा गलत स्थान पर खड़े वाहन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं, जिससे आमजन के जीवन एवं संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 28 वाहनों का ई-चालान किया गया। पुलिस टीमों ने पेट्रोल पंप संचालकों एवं स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध अथवा यातायात बाधित करने वाले वाहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
जनपद पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।