'एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थलों पर लगाए जाएंगे पौधे
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून, 2026 को जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसहभागिता बढ़ाना, हरित आवरण में वृद्धि करना तथा प्रकृति के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करना है।
जिलाधिकारी एवं जिला वृक्षारोपण समिति के अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ-साथ फलदार पौधों के रोपण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता और पोषण सुरक्षा को भी बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने बताया कि अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, नदियों एवं नहरों के किनारों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। साथ ही नगर निकायों एवं विकास खंडों में हरित क्षेत्रों के विकास तथा सिटी फॉरेस्ट की अवधारणा को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। वृक्षारोपण कार्यक्रमों के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से संबंधित जन-जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों को प्लास्टिक मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि आयोजित कार्यक्रमों की प्रगति एवं विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे विश्व पर्यावरण दिवस पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है।