विषाक्त पदार्थ पीने के बाद गंभीर हालत में यूपी -112 ने पहुंचाया अस्पताल, युवक की बची जान
जिला संवाददाता
हमीरपुर l जनपद में यूपी-112 की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाही से एक युवक की जान बच गई। सूचना मिलते ही पीआरवी कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच सकी। बीते
2 जून 2026 को समय 12:48 बजे यूपी-112 की पीआरवी-1240 थाना मौदहा को सूचना प्राप्त हुई कि कस्बा मौदहा के मराठीपुरा मोहल्ले में एक युवक ने विषाक्त पदार्थ पी लिया है। सूचना देने वाले देवेन्द्र अवस्थी निवासी मराठीपुरा ने बताया कि उनके बड़े पुत्र प्रशांत अवस्थी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया है। सूचना प्राप्त होते ही पीआरवी-1240 पर तैनात कमांडर आरक्षी अभिनव कुमार सिंह एवं पायलट मुख्य आरक्षी रामचन्द्र तत्काल मौके पर पहुंचे तथा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना विलम्ब एम्बुलेंस की सहायता से पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मौदहा में भर्ती कराया।
चिकित्सकों द्वारा तत्काल उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि समय रहते अस्पताल पहुंच जाने के कारण पीड़ित अब खतरे से बाहर है। घटना के दौरान थाना मौदहा पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। इस सराहनीय कार्य की स्थानीय नागरिकों एवं पीड़ित के परिजनों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है तथा यूपी-112 की त्वरित सेवा के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।