अत्याधुनिक जीई लॉजिक पी-9 अल्ट्रासाउंड मशीन लिवर सिरोसिस की करेगी सटीक जांच
- लिवर से जुडी सभी जांचो की देगी सटीक जानकारी
- बिना बॉयोप्सी के ही लिवर सिरोसिस की करेगी जांच और देगी सटीक परिणाम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। लिवर से जुडी समस्याओं को जानने और उसका सही समय पर उपचार करने की दिशा में जीएसवीएम ने एक बडी उपलब्धि अस्पताल प्रशासन को उपलब्ध करायी है। आज के समय की अत्याधुनिक जीई लॉजिक पी-9 अल्ट्रासाउंड मशीन अब उन्नत तकनीक के माध्यम से मरीजों को और अधिक सटीक, विश्वसनीय एवं उच्च गुणवत्ता वाली डायग्नोस्टिक सेवाएँ उपलब्ध करायेगी। इस आधुनिक मशीन से न केवल लिवर की जांच की गुणवत्ता मिलेगी बल्कि बिना बायोप्सी के ही लिवर सिरोसिस की जानकारी भी सटीक रूप से मिल सकेगी। इस बारे में रेडियोलॉजी विभागध्यक्ष डॉ अशोक वर्मा ने मशीन के बारे में जानकारी साझा करते हुए मशीन की उपयोगिताओ के बारे बताया।
रेडियोलॉजी विभागध्यक्ष डॉ अशोक वर्मा ने बताया कि अभी तक जीएसवीएम मेडिकल कालेज से सम्बंद्ध लाला लाजपत राय चिकित्सालय (हैलट) में सामान्य आधुनिक अल्ट्रासाउण्ड मशीन लगी हुई है,जिससे मरीजो की जांच की जा रही थी। लेकिन प्राचार्य प्रो. डॉ संजय काला के प्रयास से रेडियोलॉजी विभाग को लगभग 45 लाख कीमत की अत्याुधनिक जीई लॉजिक पी-9 मशीन अल्ट्रासाउण्ड मशीन मिल गई है , जिसे विभाग में इंस्टाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मशीन से उत्कृष्ट इमेजिंग क्षमता, उन्नत कलर डॉप्लर तकनीक तथा आधुनिक सॉफ्टवेयर सुविधाएँ उपलब्ध हैं। जिनसे यह मशीन विभिन्न रोगों के शीघ्र एवं सटीक निदान में चिकित्सकों की सहायता करेगी।
- मशीन की प्रमुख विशेषता
डॉ अशोक वर्मा ने बताया कि इस मशीन की प्रमुख विशेषता है कि यह एक एलास्टोग्राफी तकनीक है, जिसके माध्यम से शरीर के विभिन्न ऊतकों की कठोरता का बिना किसी शल्य प्रक्रिया के आकलन किया जा सकता है। यह तकनीक विशेष रूप से लीवर रोगों, स्तन एवं थायरॉयड की गांठों, मस्कुलोस्केलेटल विकारों तथा अन्य अनेक रोगों के मूल्यांकन में अत्यंत उपयोगी है। एलास्टोग्राफी की विशेष उपयोगिता यह है कि लीवर फाइब्रोसिस एवं सिरोसिस के मूल्यांकन में यह सटीक परिणाम देती है। यह तकनीक लीवर की बिना बायोप्सी के मापने में सक्षम है। इसके माध्यम से लीवर फाइब्रोसिस एवं सिरोसिस की अवस्था का सटीक आकलन किया जा सकता है तथा रोग की प्रगति और उपचार की निगरानी की जा सकती है। आमतौर पर लीवर बायोप्सी की तुलना में यह एक सुरक्षित, दर्दरहित एवं बिना संक्रामण की जांच है, जिससे मरीजों को अधिक सुविधा और चिकित्सकों को विश्वसनीय जानकारी प्राप्त होती है।
- मशीन करती है यह जांचे
जीई लॉजिक पी-9 अल्ट्ररसाउण्ड मशीन प्रमुख रूप से पेट एवं लिवर संबंधी जांच, प्रसूति एवं स्त्री रोग सम्बंधी जांच , थायरॉयड एवं अन्य सतही अंगों की जांच, रक्त वाहिकाओं की डॉप्लर जांच, मस्कुलोस्केलेटल इमेजिंग, बाल रोग संबंधी जांच व इमेज-गाइडेड इंटरवेंशनल प्रक्रियाएँ वाली उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिंग, आधुनिक प्रोब तकनीक तथा उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस से युक्त यह मशीन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।