तीन साल से कमिश्नरेट में डटे सात डिप्टी एसपी स्थानांतरित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रांतीय पुलिस सेवा के 206 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में तत्काल प्रभाव से तब्दीली की गयी। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, कानपुर कमिश्नरेट में तैनात सात राजपत्रित अधिकारी पिछले तीन वर्ष से अधिक की अवधि से जनपद में अपनी सेवाएं दे रहे थे, जिसके चलते चुनाव आयोग और शासन के नियमों के तहत इनका स्थानांतरण किया गया।पुलिस मुख्यालय और शासन के नियमों के अनुसार, प्रांतीय पुलिस सेवा के जो भी अधिकारी किसी एक जिले या कमिश्नरेट में तीन साल या उससे अधिक का समय पूरा कर लेते हैं, उनका गैर जनपद तबादला अनिवार्य हो जाता है। जिसमें डिप्टी एसपी चित्रांशु गौतम - कानपुर नगर से बहराइच, डिप्टी एसपी सुभाष चंद्रा - कानपुर नगर से मुजफ्फरनगर स्थानांतरित, डिप्टी एसपी शिखर - कानपुर नगर से गोंडा नई तैनाती, डिप्टी एसपी आशुतोष कुमार-II - कानपुर नगर से गोरखपुर, डिप्टी एसपी अमरनाथ यादव - कानपुर नगर से मथुरा तबादला, डिप्टी एसपी अभिषेक कुमार पांडेय - कानपुर नगर से लखनऊ कमिश्नरेट, डिप्टी एसपी रंजीत कुमार - कानपुर नगर से लखनऊ कमिश्नरेट स्थानांतरित हुए।
- कमिश्नरेट को मिली तीन महिला डिप्टी एसपी
पीपीएस ऑफिसर्स के तबादलों के क्रम में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में पांच अफसरों को तैनाती मिली है। इनमें से तीन महिला ऑफिसर हैं। इस क्रम में अब तक कन्नौज में तैनात रहीं डिप्टी एसपी प्रियंका बाजपेयी, फतेहपुर में तैनात रहीं डिप्टी एसपी प्रगति यादव और बलरामपुर में तैनात रहीं डिप्टी एसपी ज्योतिश्री का स्थानांतरण कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के लिए किया। इसके अलावा लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात रहे डिप्टी एसपी वीरेंद्र विक्रम और पीटीएस जालौन में तैनात रहे डिप्टी एसपी अमित कुमार पांडेय को पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया।