लापता किशोर का तालाब में मिला शव, गांव में छाया मातम
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l सिसोलर थाना क्षेत्र के सिसोलर कस्बे में बुधवार से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव गुरुवार सुबह तालाब में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी रामबाबू खेंगर का 13 वर्षीय पुत्र प्रकाश बुधवार दोपहर अपने कुछ साथियों के साथ घर से निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
तलाश के दौरान तालाब किनारे प्रकाश की चप्पलें मिलीं, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जाने लगी। रात में अंधेरा और तालाब के आसपास झाड़ियां होने के कारण खोज अभियान में कोई सफलता नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में एक शव उतराता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने पर शव प्रकाश का निकला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक प्रकाश तीन भाइयों में मंझला था। उसका बड़ा भाई विकास कक्षा 11 का छात्र है, जबकि छोटा भाई प्रभात कक्षा 7 में पढ़ता है। पिता रामबाबू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार के पास लगभग चार बीघा कृषि भूमि भी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।