सर्पदंश से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा, हमीरपुर l जिले के सिसोलर थाना क्षेत्र के खदरा डेरा गांव में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खदरा डेरा निवासी 42 वर्षीय उर्मिला, पत्नी स्वर्गीय शिवशरण, बुधवार देर शाम अपने घर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान पिलर के पास से मिट्टी हटा रही थीं। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले सांप ने काट लिया।
सांप के काटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए बांदा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, उर्मिला के पति शिवशरण की लगभग दस वर्ष पूर्व कुएं में गिरने से मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद वह अपने दो पुत्रों और ससुर के साथ रहकर परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं। परिवार के पास करीब ढाई बीघा कृषि भूमि है, जिससे उनका जीवनयापन चलता था।
उर्मिला की असमय मृत्यु से उनके दोनों पुत्रों के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।