युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी
वरिष्ठ संवाददाता फिरोज खान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस पीलीभीत।अमरिया थाना क्षेत्र के गांव हरहरपुर धुरा में रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवकुमार (20) पुत्र सोमपाल निवासी हरहरपुर धुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शिवकुमार 1 जून की सुबह शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उसी दिन शाम को अमरिया थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। प्रेमपाल अपने बहनोई बाबूराम के गन्ने के खेत में पानी लगाने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें खेत में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल भी मौके पर पहुंचीं। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
|