विश्व रक्तदान दिवस पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित 19 लोगों ने किया रक्तदान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय पुरुष, हमीरपुर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक सहित कुल 19 लोगों ने रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने स्वयं रक्तदान करते हुए कहा कि "रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। स्वस्थ नागरिकों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।" उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी को पड़ सकती है, इसलिए समाज में रक्तदान की भावना को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. प्रजापति सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "रक्तदान जीवनदान है" तथा प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में सहभागी बनना चाहिए। वक्ताओं ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है तथा इससे किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती।
संगोष्ठी में जिले की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, नियमित रक्तदाताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में "वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड सेव लाइफ" का संदेश देते हुए समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
रक्तदान करने वालों में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव मनीष शुक्ल, सभापति जयप्रकाश त्रिपाठी, अवधेश पालीवाल, सत्य प्रकाश सैनी, अनिल द्विवेदी, वहीद खान सहित कुल 19 रक्तदाता शामिल रहे।
इस अवसर पर चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से जनपदवासियों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया।