जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
समर इंटर्नशिप कार्यक्रम के विद्यार्थियों ने भी किया शैक्षिक भ्रमण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद न्यायालय स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल ने बुधवार को जिला कारागार हमीरपुर का निरीक्षण कर वहां निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारागार की स्वच्छता व्यवस्था, चिकित्सीय सेवाओं, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा प्रबंधन तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जिला कारागार में संचालित विधिक सहायता डेस्क (लीगल एड हेल्प डेस्क) एवं विधिक सहायता क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों का परीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक पात्र बंदी को समयबद्ध एवं प्रभावी निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान उन्होंने बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं विधिक आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र एवं न्यायोचित निस्तारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित समर इंटर्नशिप कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे विधि विद्यार्थियों ने भी जिला कारागार का शैक्षिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों को कारागार प्रशासन की कार्यप्रणाली, बंदियों के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, विधिक सहायता तंत्र तथा न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जेल प्रशासन के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, पुनर्वास कार्यक्रमों तथा बंदियों के कल्याणार्थ संचालित गतिविधियों के संबंध में अवगत कराया। विद्यार्थियों ने कारागार की कार्यप्रणाली एवं विधिक सहायता व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कर महत्वपूर्ण व्यवहारिक अनुभव प्राप्त किया।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय तक समान पहुंच प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है तथा कारागारों में स्थापित विधिक सहायता तंत्र इस अधिकार को प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थियों के लिए ऐसे शैक्षिक भ्रमण न्यायिक एवं विधिक व्यवस्था की व्यवहारिक समझ विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान डिप्टी एलएडीसी हरनाम सिंह, जेलर प्रभाकांत पाण्डेय, डिप्टी जेलर पवन कुमार सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।