दबंगों ने युवक को लाठी-डंडों से पीटकर किया अधमरा,चार के खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l राठ कोतवाली क्षेत्र के गलिहया गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर खड़े एक युवक पर गांव के ही चार लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित परमेश्वरी दयाल ने बताया कि वह अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान गांव के ओमप्रकाश, नरेश, विक्कू और मनमोहन वहां पहुंचे और मामूली विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर चारों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने राठ कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। राठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।